
छपरा। सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। हत्या के एक मामले में चश्मदीद गवाह रहे 70 वर्षीय वृद्ध की अपराधियों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी।
उनका शव घर से करीब छह किलोमीटर दूर खेत में लहूलुहान अवस्था में बरामद हुआ। इस घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पहचान नया टोला हराजी गांव निवासी स्वर्गीय धूप लाल राय के 70 वर्षीय पुत्र बिंदेश्वरी राय के रूप में की गई है।
खेत जाने के बाद रहस्यमय ढंग से हुए लापता
परिजनों के अनुसार बिंदेश्वरी राय मंगलवार को साइकिल से अपने खेत की ओर गए थे। खेत से लौटते समय वह अचानक रास्ते से लापता हो गए और देर शाम तक घर नहीं पहुंचे। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
इसी बीच सूचना मिली कि सोबरना दियारा क्षेत्र में एक वृद्ध का शव पड़ा है। जब परिजन वहां पहुंचे तो देखा कि शव बिंदेश्वरी राय का ही है। उनका शव खून से सना हुआ था और शरीर पर धारदार हथियार के वार के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे थे।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका
मृतक के परिवार का आरोप है कि बीते वर्ष उनके भतीजे बबलू कुमार राय की हत्या कर दी गई थी। उस मामले में डोरीगंज क्षेत्र के कुछ लोगों को नामजद किया गया था। बबलू की हत्या कर शव को डुमरी अड्डा के पास फेंक दिया गया था।
परिजनों का कहना है कि बिंदेश्वरी राय उस हत्याकांड के चश्मदीद गवाह थे और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के तहत अपराधियों ने उनका अपहरण कर हत्या कर दी और शव को सोबरना दियारा में फेंक दिया।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अवतार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विनीत कुमार (एसएसपी, सारण) ने जांच का जिम्मा सदर एएसपी राम पुकार सिंह को सौंपा। एएसपी ने पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचकर परिजनों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक की साइकिल अब तक बरामद नहीं हो सकी है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
करियर – शिक्षाApril 12, 2026छपरा में किसान का बेटा ने रचा इतिहास, डिप्टी जेलर से बने नायब तहसीलदार
क्राइमApril 12, 2026सारण पुलिस ने अपराध की साजिश रच रहे 4 अपराधियों को दबोचा, 41 जिंदा कारतूस बरामद
क्राइमApril 12, 2026जेडीयू MLA पप्पू पांडेय और उनके भाई पर गिरफ्तारी की तलवार, कोर्ट से वारंट जारी
करियर – शिक्षाApril 12, 2026छपरा के अभिषेक ने रचा इतिहास: हवलदार से इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट बने







