सारण में रफ्तार बनी काल, आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी हादसे का शिकार, 3 की जान गई
ट्रक की टक्कर से पिकअप खाई में गिरी

छपरा । सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर एनएच-531 स्थित बनवार फ्लाईओवर ब्रिज के समीप शुक्रवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा।
तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप में हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बताया जाता है कि पिकअप वाहन पर सवार सभी लोग सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र के एक आर्केस्ट्रा ग्रुप से जुड़े थे और किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे में दो पुरुष एवं एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए।
कई घायलों की स्थिति नाजुक
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा भेजा गया। चिकित्सकों ने कई घायलों की हालत गंभीर बताई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद एनएच-531 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर खून के धब्बे और वाहनों का मलबा बिखरा पड़ा था, जिससे घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर कुछ देर बाद यातायात सामान्य कराया गया।
दाउदपुर थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एनएच-531 पर बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराMay 30, 2026सारण में सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों की अब खैर नहीं, निगरानी के लिए बनेगी पेट्रोलिंग टीम
छपराMay 30, 2026एक वोट ने बदल दिया खेल! कांटे की टक्कर में जीते विकास सिंह, पप्पू और दिनेश
छपराMay 30, 2026सारण-सीवान को जोड़ने वाले ताजपुर पुल का NIT पटना की टीम करेगी जांच
बिहारMay 30, 2026NFHS-6 Survey Report: बिहार में ‘डबल हेल्थ संकट’! गांव में कुपोषण, शहरों में तेजी से बढ़ रहा मोटापा







