सारण SSP ने की गड़खा थाने में 152 कांडों की समीक्षा, वांटेड अपराधियों के घर कुर्की-जब्ती का आदेश
लापरवाही पर महिला पुलिसकर्मी की वेतन पर रोक

छपरा। जिले में अपराध नियंत्रण, पारदर्शी पुलिसिंग और आमजन से बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा गरखा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति, अभिलेखों का संधारण, महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था सहित पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर अंचल पुलिस निरीक्षक, सदर एवं थानाध्यक्ष गरखा समेत थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं चौकीदार उपस्थित रहे।
जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत
वार्षिक निरीक्षण के क्रम में एसएसपी द्वारा Citizen & Centric Policing को प्राथमिकता देते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आम नागरिकों से शालीन व्यवहार, त्वरित समस्या समाधान और संवेदनशील पुलिसिंग के स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसे हर हाल में बनाए रखना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान गरखा थाना के सभी अभिलेखों एवं पंजीयों की गहन जांच की गई। पंजी संधारण में पाई गई त्रुटियों को शीघ्र सुधारने, कार्यालय एवं थाना परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। इस क्रम में कुल 152 कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध वारंट, कुर्की एवं अन्य विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
महिला सुरक्षा एवं संवेदनशील मामलों को लेकर एसएसपी ने विशेष सख्ती दिखाई। गरखा थाना महिला हेल्प डेस्क में प्रतिनियुक्त महिला पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को महिला परिवादियों से शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का कानूनी तरीके से त्वरित निराकरण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही स्पीडी ट्रायल के लिए उपयुक्त कांडों का चयन करने और दागियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
05 वर्ष से अधिक पुराने गंभीर कांडों का निपटारा करेंगे थानाध्यक्ष
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि 05 वर्ष से अधिक पुराने गंभीर कांडों का प्रभार स्वयं थानाध्यक्ष लेकर उनके निष्पादन की प्रक्रिया को तेज करेंगे। थाना के प्रत्येक कर्मी की कार्यशैली पर सतत निगरानी रखने, आम जनता से अच्छा व्यवहार बनाए रखने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को जिला पुलिस की प्राथमिकता बताया गया।
हालांकि निरीक्षण के क्रम में यह भी सामने आया कि महिला आगंतुक पंजी अद्यतन नहीं रखा गया था। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए महिला हेल्प डेस्क में प्रतिनियुक्त महिला पुलिस पदाधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी का वेतन धारित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
एसएसपी, सारण ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना स्तर पर अनुशासन, जवाबदेही और संवेदनशीलता सुनिश्चित करना ही इस तरह के निरीक्षणों का मुख्य उद्देश्य है, ताकि आम जनता को सुरक्षित, भरोसेमंद और प्रभावी पुलिस सेवा मिल सके।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर और हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में जिला प्रतिनिधि के तौर पर सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में संजीवनी समाचार डॉट कॉम में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
- July 8, 2026छपराRojagar Mela Chhapra: छपरा के 100 बेरोजगार युवकों को मिलेगी नौकरी, 25 हजार तक मिलेगा वेतन
- July 8, 2026करियर – शिक्षाबिहार में 101 अनुमंडलों में 720 बालक एवं 520 बालिका बेड की क्षमता वाले नए कन्या आवासीय विद्यालय खुलेंगे
- July 8, 2026क़ृषिMoti ki Kheti: तालाब से निकलेगा ‘सफेद सोना’, बिहार में मछली के साथ होगी मोती की खेती, 60% सब्सिडी देगी सरकार
- July 8, 2026छपराSaran News: रेलवे ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, पुल से नीचे गिरकर युवक की मौत



