Ram Janaki Marg: भू-अर्जन में अड़चन पर डीएम का बड़ा फैसला, मुआवजा भुगतान में तेजी के लिए लगेगा कैंप
राम जानकी मार्ग को लेकर डीएम ने कसी प्रशासनिक लगाम

छपरा। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने राम जानकी मार्ग परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य एवं भू-अर्जन की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने मशरख प्रखंड क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मुआवजा भुगतान में आ रही बाधाओं को दूर कर परियोजना कार्य को गति देना रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता मढ़ौरा, NHAI छपरा के अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मशरख, प्रखंड विकास पदाधिकारी मशरख, अंचलाधिकारी मशरख एवं थानाध्यक्ष मशरख उपस्थित रहे।
मुआवजा भुगतान की धीमी प्रगति पर नाराजगी
निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि मुआवजा भुगतान की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है तथा बड़ी संख्या में रैयतों द्वारा अब तक आवश्यक कागजात जमा नहीं कराए गए हैं। इस पर गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दिनांक 24.12.2025 एवं 26.12.2025 को मौजा बनसोई एवं दुमदुमा में विशेष कैंप का आयोजन किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कैंप के आयोजन से पूर्व संबंधित क्षेत्रों में विभिन्न स्थलों एवं भवनों पर बड़े-बड़े बैनर एवं पोस्टर लगाए जाएं, जिन पर सभी संबंधित पदाधिकारियों के फोन नंबर एवं कैंप स्थल की जानकारी अंकित हो। साथ ही, बृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक रैयतों को कैंप में आने के लिए प्रेरित किया जाए। कैंप के दौरान प्राप्त कागजातों में यदि कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसका निराकरण उसी दिन सुनिश्चित करते हुए मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इसी तर्ज पर अन्य छह मौजों में भी नियमित रूप से कैंप आयोजित किए जाएं तथा उससे पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना सुनिश्चित हो।
हेल्प डेस्क और संवाद बढ़ाने के निर्देश
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिला मुख्यालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष एवं जिलाधिकारी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से नियमित रूप से रैयतों से संवाद स्थापित कर उन्हें कागजात जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए तथा प्राप्त दस्तावेजों में त्रुटि निराकरण की आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाए।
वहीं अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष मशरख को निर्देश दिया गया कि वे अविलंब सभी संबंधित रैयतों के साथ बैठक कर आवश्यक कागजात प्राप्त करें। जिन रैयतों द्वारा कागजात पहले ही जमा किए जा चुके हैं, उनमें यदि कोई त्रुटि है तो उसका शीघ्र निराकरण कराया जाए। साथ ही आपसी पारिवारिक विवादों के कारण मुआवजा भुगतान में आ रही अड़चनों को भी आपसी समन्वय से सुलझाया जाए। इसके अलावा अंचल कार्यालय में एक हेल्प डेस्क स्थापित कर प्रतिदिन कार्यालय अवधि में कागजात प्राप्त करने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।
पंचायत स्तर पर सहयोग सुनिश्चित
प्रखंड विकास पदाधिकारी मशरख को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ सभी पंचायत सचिवों को सक्रिय करते हुए रैयतों की वंशावली निर्माण में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि दस्तावेजी प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
संरचनाओं के निर्माण को प्राथमिकता
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक, NHAI छपरा को निर्देश दिया गया कि परियोजना अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न संरचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए बिंदुवार समस्याओं का समाधान किया जाए तथा संबंधित रैयतों को मुआवजा भुगतान कर संरचनाओं के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
रैयतों से की गई अपील
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित रैयतों से भी अपील की कि वे अपने भूमि से संबंधित सभी आवश्यक कागजात अविलंब अंचल कार्यालय अथवा जिला भू-अर्जन कार्यालय में जमा करें, ताकि मुआवजा राशि का भुगतान शीघ्र किया जा सके और सरकार की इस अति महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी पात्र रैयत को उसका अधिकार मिलने में विलंब न हो और राम जानकी मार्ग परियोजना समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण हो।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराFebruary 14, 2026Chhapra News: मुजफ्फरपुर से चोरी हुई 3 लाख की अगरबत्ती लदी पिकअप वैन सारण से बरामद
छपराFebruary 14, 2026छपरा के यदुवंशी राय मेमोरियल हॉस्पिटल में अब 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा
छपराFebruary 13, 2026Rojagar Mela: छपरा में नौकरी का बड़ा मौका, 200 पदों पर होगी बहाली, 16 हजार मिलेगा सैलरी
छपराFebruary 13, 2026Bihar Transport News: परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 90 करोड़ से अधिक का जुर्माना







