Khadi Mall: छपरा में बनेगा खादी मॉल, खादी उद्योग को मिलेगा नया आयाम
डीएम ने किया स्थल का निरीक्षण

छपरा। सारण जिले के लिए एक बड़ी सौगात की शुरुआत हो चुकी है। छपरा शहर में अब खादी मॉल का निर्माण किया जाएगा, जिससे जिले में खादी और हस्तशिल्प उद्योग को नया आयाम मिलेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी अमन समीर ने छपरा बस स्टैंड के बगल में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और अंचलाधिकारी, सदर को स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक उस भूमि पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि कोई अतिक्रमण न हो सके।
एक ही छत के नीचे खादी और परंपरा की झलक
खादी मॉल के निर्माण से एक ही छत के नीचे खादी, क्राफ्ट और हस्तशिल्प उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी। इसमें सूती और सिल्क साड़ियों, मालवरी, तसर, कटिया जैसे पारंपरिक वस्त्र, रेडीमेड कपड़े, टोपी, मफलर, पैंट और जूते जैसी तमाम चीजें मिलेंगी। साथ ही, ग्राहकों के लिए ऑन-स्पॉट सिलाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बिहारी व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
खादी मॉल केवल शॉपिंग सेंटर नहीं होगा, बल्कि यहां बिहारी व्यंजन और अन्य शुद्ध देसी खाद्य पदार्थों का भी आनंद ले सकेंगे लोग। आगंतुकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिसर को बहुउद्देशीय और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था, आराम कक्ष, और अन्य नागरिक सहूलियतें भी शामिल होंगी।
स्थानीय कारीगरों को मिलेगा बड़ा बाजार
खादी मॉल से सारण जिले के स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और हस्तशिल्पियों को एक स्थायी और बड़ा मंच मिलेगा। उनके उत्पाद अब सीधे आम जनता तक पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सारण को मिलेगा नया पहचान
यह मॉल न केवल खरीदारी के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि यह सारण की सांस्कृतिक विरासत और खादी आंदोलन की भावना को भी दर्शाएगा। छपरा को एक नया पर्यटन और व्यवसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित हो सकता है।
अधिकारियों की निगरानी में जल्द होगा निर्माण कार्य शुरू, और उम्मीद है कि आगामी कुछ महीनों में छपरा वासियों को खादी मॉल का सपना साकार होता नजर आएगा।
Author Profile

- वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।
Latest entries
छपराMay 27, 2026Chhapra Solar Mela: अपने घर के छत पर लगाइए सोलर, जिंदगी भर पाइए मुफ्त बिजली!
करियर – शिक्षाMay 27, 2026बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 19,838 अभ्यर्थियों का सपना हुआ पूरा
क़ृषिMay 27, 2026डिजिटल प्लेटफार्मों पर नकली एवं अपंजीकृत कीटनाशकों की बिक्री पर कृषि विभाग सख्त
क्राइमMay 27, 2026सारण पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 24 घंटे में 51 अपराधी सलाखों के पीछे भेजे गए







