करियर – शिक्षाछपरा

BPSC Exam: सारण में 31 केंद्रों पर होगी AEDO की परीक्षा, जैमर-सीसीटीवी से होगी सख्त निगरानी

31 केंद्रों पर 6 दिन तक तीन चरणों में होगी परीक्षा

छपरा। बिहार लोक सेवा आयोग (Bihar Public Service Commission) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सारण जिला में व्यापक तैयारी पूरी कर ली गई है। यह परीक्षा जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित होगी। प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, कदाचारमुक्त और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है।

6 दिन तक चलेगी बड़ी परीक्षा

यह परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक चरण में 14,940 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम चरण की परीक्षा 14-15 अप्रैल, द्वितीय चरण 17-18 अप्रैल तथा तृतीय चरण 20-21 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। हर चरण में परीक्षार्थी तीन पालियों में जनरल लैंग्वेज, जनरल स्टडीज और जनरल एप्टीट्यूड विषयों की परीक्षा देंगे।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले में कुल 43 स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, 18 जोनल दंडाधिकारी तथा 07 सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

लेट से आने पर नहीं मिलेगी एंट्री

परीक्षा का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। प्रतिदिन प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को प्रथम पाली के लिए सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

सुरक्षा के लिहाज से परीक्षा केंद्रों पर कई सख्त नियम लागू किए गए हैं। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेजर, कलाई घड़ी आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा और सभी केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं, जिससे संचार उपकरण पूरी तरह निष्क्रिय रहेंगे।

इसके अलावा, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और सतत वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। परीक्षा के निष्पक्ष संचालन को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग दी गई है और आयोग के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

इस मौके पर उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, विधि-व्यवस्था से जुड़े अधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित साधनों के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके।

Author Profile

Ganpat Aryan
Ganpat Aryan
वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Ganpat Aryan

वर्ष 2015 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय है। दैनिक भास्कर, अमर उजाला और हिन्दुस्थान समाचार में सेवाएं दीं। उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए कई मंचों से सम्मानित। वर्तमान में Publisher & Editor-in-Chief के रूप में निष्पक्ष और जनहितकारी डिजिटल पत्रकारिता में निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button