छपरा। सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत कवलपुरा गांव में एक नशेड़ी युवक द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई में एक वृद्ध की मौत हो गई। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मशरक के कवलपुरा गांव के वार्ड संख्या-7 में एक नशे में धुत युवक ने 62 वर्षीय वृद्ध कंचन सिंह पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने बांस के ठेंगे (डंडे) से उन्हें बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मशरक में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और अंततः उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कवलपुरा गांव निवासी स्वर्गीय लोचन सिंह के पुत्र कंचन सिंह के रूप में हुई है, जो गांव में रहकर खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना की सूचना पर मशरक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाला धर्मेंद्र सिंह, जो अक्सर नशे में रहता है, उसी ने इस घटना को अंजाम दिया। उनका कहना है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक व्यवहार रहा है और उसने पहले भी मृतक का पानी का मोटर चोरी किया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ने बिना किसी बड़े विवाद के ही अचानक हमला कर दिया, जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
मौके पर पहुंचे अपर थानाध्यक्ष सम्पूर्णानंद पुलिस बल के साथ स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।