बिहार में बढ़ते क्राइम पर तेजश्वी का अटैक: बोले- थक गए हैं नीतीश कुमार, अब नहीं संभल रहा बिहार
@संजीवनी रिपोर्टर
पटना।इंडिगो के स्टेशन हेड रुपेश सिंह की पटना में हुई हत्या के बाद पहली बार तेजस्वी यादव सामने आए हैं। उन्होंने इस मर्डर को लेकर सीधे नीतीश कुमार और भाजपा पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि सीएम नीतीश कुमार अब पूरी तरह से थक गए हैं, उनसे बिहार नहीं संभल रहा है। गृह विभाग को कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं।साथ ही कहा कि प्रदेश में जब तक सैकड़ों हत्याएं, अपहरण, रेप, गैंगरेप जैसी घटनाएं नहीं होती है, सीएम नीतीश कुमार और उनके सहयोगियों को नींद नहीं आती है।
डबल इंजन की सरकार से अब बिहार नहीं चल पा रहा है।तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे हास्यास्पद तो यह है कि भाजपा भी विपक्ष के साथ-साथ सवाल उठाती है, वो सवाल करके खुद को बचाना चाहती है। डबल इंजन की सररकार चोर दरवाजे से आई है। नीतीश कुमार तो सेलेक्टेड और नॉमिनेटेड मुख्यमंत्री हैं। भाजपा के लोगों ने उन्हें सेलेक्ट और नॉमिनेट किया है। पहली बार बिहार में दो डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। यहां लॉ एंड ऑर्डर सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। वहीं, उन्होंने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब रुपेश जी के परिवार के लोग क्या छठ मना पाएंगे। चुनाव के दौरान कहते थे कहीं भी कुछ होगा तो कहिएगा, उनका बेटा दिल्ली में बैठा है। अब वो बेटा क्या कर रहा है। जंगलराज का युवराज अब कौन है। सीएम नीतीश कुमार से पीएम को पूछताछ करनी चाहिए।
कार्रवाई करनी चाहिए।नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि सीएम नीतीश कुमार समीक्षा बैठक नहीं करते हैं, वो भिक्षा बैठक करते हैं। पोस्टिंग-ट्रांसफर के लिए पैसों की वसूली हो रही है। आरसीपी टैक्स वसूला जा रहा है। प्रदेश में अपराधियों का तांडव हो रहा है, लेकिन सीएम संवेदना भी प्रकट नहीं करते हैं। नीतीश कुमार तो पहले ही बोल दिए हैं कि उन्हें जबरदस्ती मुख्यमंत्री बना दिया गया है, जिसे जबरदस्ती मुख्यमंत्री बना दिया गया, वह पल्ला तो झाड़ेगा ही। सीएम खुद आरोपों से बचना चाह रहे हैं। सवालों का जवाब नहीं देते हैं। सरकार वो नहीं गुंडा चला रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि अब जंगलराज का महाराजा कौन है, असली गुंडा कौन है।रुपेश सिंह का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पटना एयरपोर्ट पर अक्सर मुलाकात होती थी। हमारा लंबे समय से संबंध रहा है, वे इतने सज्जन और हंसमुख व्यक्ति थे।
लेकिन, प्रदेश में तो घर में घुसकर लोगों को गोली मारी जा रही है। रूपेश को 15 गोली मारी गई है। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि पॉश इलाके में गोलीबारी होती है, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पाती है। घटनास्थल से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर सीएम आवास है, अनेक मंत्रियों के आवास हैं।