छपरा में स्नान के दौरान डूबने से युवक की मौत, परिजनों में छाया मातम
@संजीवनी रिपोर्टर
मांझी : मांझी थाना क्षेत्र के ड्यूमाईगढ़ घाट पर सरयू नदी में स्नान करने के क्रम में एक युवक की डूब कर मौत शनिवार को हो गई। इस घटना के कारण खुशी का माहौल गम में बदल गया। घर में लोग दीपावली के त्यौहार मनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच युवक के डूब कर मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जाता है कि स्नान करने के दौरान युवक के डूबने की खबर पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने महज डेढ़ घण्टे में शव को ढूंढ कर नदी से बाहर निकाला। मृतक मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी स्व शिव प्रसाद साहनी के पुत्र प्रद्युम्न साहनी (उम्र 35 वर्ष ) बताया जाता है। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मौके पर आत्मा के अध्यक्ष साधु दुबे जदयू नेता निरंजन सिंह राम इकबाल साहनी अक्षय साहनी तथा बहादुर यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा चार पुत्रियां हैं। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत होने के कारण परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों को भविष्य की चिंता सताने लगी है। इस घटना के कारण परिजनों में मातम छा गया है और सभी का रो-रोकर हाल बेहाल है।